11 साल पुराने मुकदमे में वारंट जारी, आरोपी गिरफ्तार कर भेजा जेल
लखनऊ। रहीमाबाद थाना क्षेत्र में रविवार को पुलिस ने न्यायालय से जारी गिरफ्तारी वारंट के अनुपालन में एक आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
रहीमाबाद इंस्पेक्टर अरुण कुमार त्रिगुणायक ने बताया कि एसीजे (जेडी) कोर्ट नंबर-34, लखनऊ द्वारा जारी गिरफ्तारी वारंट के तहत पुलिस टीम ने औलियाखेड़ा गांव में दबिश देकर सरयू रावत (55) को गिरफ्तार किया। आरोपी इसी गांव का निवासी है।
पुलिस के मुताबिक, सरयू रावत के खिलाफ वाद संख्या 3803964/11, अपराध संख्या 325/11 तथा धारा 60 एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज है। न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। रविवार को पुलिस टीम ने उसके घर पर दबिश देकर उसे पकड़ लिया।
पुलिस ने गिरफ्तारी की सूचना आरोपी के बेटे आनंद कुमार को दी। आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
