अज्ञात महिला का शव मिलने से हड़कंप, सिर कुचलकर पहचान मिटाने की कोशिश का आरोप
लखनऊ। गोसाईगंज थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के पास बड़ेहा गांव के निकट रविवार को अज्ञात महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव बाराबंकी से लखनऊ जाने वाले मार्ग के किनारे पड़ा मिला। सूचना पर डायल-112 की टीम के साथ गोसाईगंज पुलिस मौके पर पहुंची। बाराबंकी पुलिस भी घटनास्थल पर मौजूद रही।
सूत्रों के मुताबिक, मृतका की उम्र करीब 24 से 25 वर्ष है। महिला के साथ दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है। वहीं, उसकी पहचान छिपाने के उद्देश्य से सिर को बुरी तरह कुचले जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।
मृतका ने पिंक रंग का शूट, काले रंग की सलवार और भूरे रंग का दुपट्टा पहन रखा था। उसके दाहिने हाथ में हरे और लाल रंग की चूड़ियां थीं। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी थी।
पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। महिला की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए सर्विलांस समेत अन्य माध्यमों से जांच की जा रही है।
