तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से युवक घायल, चालक भी चोटिल
लखनऊ। मलिहाबाद थाना क्षेत्र में सोमवार शाम करीब सात बजे सहिलामऊ गांव के सामने नेशनल हाईवे-731 पर सड़क हादसे में बाइक सवार समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब एक युवक सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार मलिहाबाद क्षेत्र के कहला गांव निवासी मोहब्बत अली पुत्र जहीद बाइक संख्या यूपी 32 एनएफ 8997 से लखनऊ की ओर जा रहे थे। सहिलामऊ गांव के सामने कनार गांव निवासी प्रदीप पुत्र प्रकाश सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान बाइक की प्रदीप से जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक काफी दूर तक फिसलती चली गई। हादसे में बाइक सवार मोहब्बत अली और प्रदीप गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर जुटे राहगीरों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस और राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
