भक्ति में लीन 151 श्रद्धालु, नंगे पांव पहुंचे बुद्धेश्वर महादेव
लखनऊ। मलिहाबाद क्षेत्र के नईबस्ती धनेवा गांव से रविवार को 151 श्रद्धालुओं ने नंगे पांव पैदल यात्रा कर लखनऊ स्थित बुद्धेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर विश्व कल्याण की कामना की।
नईबस्ती धनेवा निवासी दिग्विजय सिंह उर्फ लल्ला मौर्य ने बताया कि अपने स्वर्गीय पिता बरातीलाल मौर्य और माता लज्जावती देवी की स्मृति में उन्होंने परिजनों, बंधु-बांधवों और ईष्ट मित्रों के साथ पैदल यात्रा का आयोजन किया। रविवार सुबह करीब सात बजे 151 सदस्यीय दल ने गांव से नंगे पांव यात्रा शुरू की।
करीब छह घंटे की पैदल यात्रा के बाद श्रद्धालु दोपहर एक बजे बुद्धेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। यहां विधान परिषद सदस्य रामचंद्र प्रधान और अन्य ईष्ट मित्रों की मौजूदगी में भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने अपने दिवंगत माता-पिता की स्मृति में विश्व कल्याण और सुख-शांति की कामना की। इस दौरान बड़ी संख्या में परिवारजन और क्षेत्र के लोग यात्रा में शामिल रहे।
