सड़क हादसे में युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
लखनऊ। मलिहाबाद थाना क्षेत्र के काजीखेड़ा निवासी 21 वर्षीय सुमित यादव की सड़क हादसे में मौत हो गई। रविवार शाम वह बाइक से रहीमाबाद के गहदो बाजार जा रहा था। नारायणपुर गांव के पास ऑटो को बचाने के प्रयास में उसकी बाइक सामने से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार से टकरा गई। हादसे में सुमित गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल सुमित को माल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। ट्रॉमा सेंटर में उपचार के दौरान रविवार देर रात सुमित की मौत हो गई। सुमित माल के पारा गांव में बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान चलाता था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के पिता रामस्वरूप, मां रूपा और दो भाई अमित व गौरव का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने हादसे में क्षतिग्रस्त बाइक और कार को कब्जे में ले लिया है। रहीमाबाद इंस्पेक्टर अरुण कुमार त्रिगुणायक ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार के नंबर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
