यूजीसी बिल के खिलाफ लामबंद हुए सवर्ण संगठन, आंदोलन जारी रखने का ऐलान
लखनऊ। यूजीसी के प्रस्तावित बिल और आरक्षण व्यवस्था के विरोध में रविवार को सवर्ण समाज मोर्चा के तत्वावधान में 1090 चौराहे पर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में ब्राह्मण परिवार लखनऊ भारत समेत विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। आयोजकों ने दावा किया कि कम समय में कार्यक्रम की सूचना दिए जाने के बावजूद बड़ी संख्या में लोग प्रदर्शन में पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान ब्राह्मण परिवार लखनऊ के प्रदेश प्रवक्ता अभिषेक अग्निहोत्री ने सवर्ण समाज के नेताओं से यूजीसी बिल को लेकर अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक पर भी निशाना साधते हुए कहा कि समाज की भावनाओं की अनदेखी किए जाने पर विरोध का सामना करना पड़ सकता है।
प्रदर्शनकारियों ने यूजीसी बिल वापस लेने और आरक्षण व्यवस्था समाप्त करने की मांग को लेकर नारेबाजी की। इस दौरान ‘यूजीसी काला बिल वापस लो’ और ‘आरक्षण समाप्त करो’ जैसे नारे लगाए गए। वक्ताओं ने कहा कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन आगे भी जारी रखा जाएगा।
प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच करने लगे तो पुलिस ने समतामूलक चौराहे से चिड़ियाघर के बीच बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। आयोजकों के अनुसार, इस दौरान बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर बसों से ले जाया गया। करीब दोपहर 1:30 बजे उच्च अधिकारियों से वार्ता के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया।
प्रदर्शन में प्रदेश अध्यक्ष श्याम नारायण मिश्रा एडवोकेट, राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. भानु पाण्डेय, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राकेश मोहन मिश्रा, प्रदेश महासचिव राकेश कुमार पाण्डेय, डॉ. घनश्याम पाण्डेय, रूपेंद्र उपाध्याय, अवधेश कुमार शुक्ला, आलोक पाण्डेय, अनूप दुबे, विनय त्रिपाठी, प्रभात शर्मा, सौरभ शुक्ला, बाबा द्विवेदी, मनोज मिश्रा, शिवम् शुक्ला, अमन द्विवेदी, अंशुमान त्रिपाठी, वंश, मोनू और दीपक कुमार समेत कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में ब्राह्मण समाज सभा के दुर्गेश पाण्डेय के संगठन समेत अन्य संगठनों ने भी सहयोग किया।
