मलिहाबाद क्षेत्र में आधी रात से शुरू अवैध खनन का खेल, दौड़ने लगे मिट्टी लदे ट्रैक्टर
लखनऊ। मलिहाबाद थाना क्षेत्र की कसमंडी कला पुलिस चौकी के अंतर्गत दाउदपुर गांव में कथित रूप से अवैध खनन का खेल धड़ल्ले से चल रहा है। आरोप है कि रात के 12 बजते ही बिना किसी वैध अनुमति के दो जेसीबी मशीनों से मिट्टी की खुदाई की जा रही है, जबकि 8 से 10 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के जरिए मिट्टी नयखेड़ा पहुंचाई जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रात होते ही मिट्टी से लदे ट्रैक्टर फर्राटा भरने लगते हैं। आरोप है कि यह पूरा कारोबार रात के अंधेरे में बेखौफ तरीके से संचालित हो रहा है, जिससे खनन माफियाओं के हौसले बुलंद हैं।
ग्रामीणों का सवाल है कि कसमंडी कला पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर यह गतिविधियां कैसे संचालित हो रही हैं और अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की गई। लोगों ने यह भी सवाल उठाया कि आखिर मलिहाबाद थाना पुलिस, तहसील प्रशासन और खनन विभाग इस मामले में कब सक्रिय होगा।
यदि आरोप सही हैं, तो बिना अनुमति खनन राजस्व को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ पर्यावरणीय नियमों का भी उल्लंघन है। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
(नोट: समाचार स्थानीय लोगों द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। प्रशासन या खनन विभाग का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)
