जमीन विवाद में दो पक्षों में खूनी संघर्ष, फायरिंग का आरोप; आधा दर्जन से अधिक घायल
लखनऊ। रहीमाबाद थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव में बुधवार को जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक संघर्ष हो गया। मारपीट में दोनों पक्षों के आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। एक पक्ष ने फायरिंग कर दो महिलाओं को गोली मारने का आरोप लगाया है, हालांकि प्राथमिक चिकित्सकीय परीक्षण में गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गोपालपुर निवासी सरोज पत्नी घनश्याम की तहरीर के अनुसार चार बीघा जमीन का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप है कि विपक्षी श्यामकली उर्फ सुधा पत्नी हरगोविंद निवासी लोधई जबरन जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रही थीं। बुधवार दोपहर करीब दो बजे अनिल, हरगोविंद, बबलू सिंह निवासी महिमाखेड़ा समेत करीब 20 लोग ट्रैक्टर और दो कारों से असलहों के साथ खेत पर पहुंचे और कब्जा करने लगे। विरोध करने पर गाली-गलौज के बाद लाठी-डंडों से हमला किया गया। आरोप है कि इसी दौरान अनिल ने लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग की, जिससे सावित्री और कुसमा घायल हो गईं। मारपीट में घनश्याम, योगेश, हिमांशु समेत अन्य लोग भी घायल हुए। तहरीर में घटनास्थल से 32 बोर का एक खोखा, असलहे का कवर और एक मोबाइल फोन मिलने का भी उल्लेख किया गया है।
वहीं दूसरे पक्ष का कहना है कि वह अपनी जमीन पर राम सिंह यादव, अनिल कुमार और कुलदीप कुमार रावत के साथ पहुंचे थे। इसी दौरान विपक्षी पक्ष से कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और लात-घूंसे चले, जिसमें कई लोग घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची रहीमाबाद पुलिस ने सभी घायलों को मलिहाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने कथित गोली लगने की पुष्टि नहीं की। गंभीर रूप से घायल कुसमा और अनिल को बेहतर इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया।
रहीमाबाद इंस्पेक्टर अरुण कुमार त्रिगुणायक ने बताया कि एक पक्ष से तहरीर प्राप्त हुई है, तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
