रहीमाबाद: मासूम के अपहरण के बाद अश्लील हरकत, आरोपी गिरफ्तार; एडीसीपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज, बच्ची का मेडिकल कराया गया; घटना से क्षेत्र में आक्रोश
लखनऊ। रहीमाबाद थाना क्षेत्र में चार वर्षीय मासूम बच्ची के अपहरण और उसके साथ अश्लील हरकत किए जाने की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद लोगों में गहरा आक्रोश है। पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। मामले की जानकारी मिलने पर एडीसीपी उत्तरी ट्विंकल जैन ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित परिवार को निष्पक्ष और कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
जानकारी के अनुसार, रहीमाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार रात चार वर्षीय बच्ची अपनी मां और भाई-बहनों के साथ चारपाई पर सो रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति कथित रूप से सोती हुई बच्ची को उठाकर ले गया। कुछ देर बाद शौच से लौटी मां ने बच्ची को बिस्तर पर नहीं पाया तो उसके होश उड़ गए। परिवार और ग्रामीणों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन बच्ची का कोई पता नहीं चला।
पीड़िता की मां ने बताया कि दिन में उमरावल गांव निवासी अमित नामक युवक उनके घर के आसपास संदिग्ध परिस्थितियों में घूमता दिखाई दिया था। इसी शक के आधार पर ग्रामीण उसके घर पहुंचे, लेकिन वह वहां नहीं मिला। इसके बाद ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की।
बताया जाता है कि गांव से करीब दो किलोमीटर दूर एक तालाब के किनारे आरोपी अमित उर्फ रजनीश उर्फ कृष्णा बच्ची के साथ अश्लील हरकत करते हुए मिला। मां के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। वहीं पीड़ित बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। मामले की जांच जारी है।
घटना की सूचना पर एडीसीपी उत्तरी ट्विंकल जैन ने मौके का निरीक्षण कर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और आश्वासन दिया कि मामले में दोषी के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है। कुछ स्थानीय लोगों का आरोप है कि यदि क्षेत्र में अपराधियों पर प्रभावी निगरानी और समय रहते कार्रवाई होती तो ऐसी घटना को रोका जा सकता था। लोगों ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पहले से विभिन्न मामलों में करीब दर्जन भर मुकदमे दर्ज होने की चर्चा है।
