आवारा कुत्तों का आतंक, बकरी को उतारा मौत के घाट
औरास (उन्नाव)। औरास थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम मुस्लावा में इन दिनों आवारा कुत्तों का आतंक चरम पर है। मुस्लावा गांव से लेकर मवाई रोड तक खूंखार हो चुके आवारा कुत्तों के झुंड के कारण ग्रामीणों, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों का घर से बाहर निकलना दूभर हो गया है। स्थिति यह है कि लोग अब अकेले रास्तों पर निकलने से कतरा रहे हैं।जान बचाने के प्रयास में गिरा युवक,पैर हुआ फ्रैक्चर ताजा मामला बीते मंगलवार का है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 4 बजे गांव का एक युवक आसिफ अपने बाग में गया हुआ था। इसी दौरान आवारा कुत्तों के एक झुंड ने उस पर अचानक हमला बोल दिया और उसे दौड़ा लिया। कुत्तों से अपनी जान बचाने के लिए आसिफ गांव की तरफ तेजी से भागा, लेकिन रास्ते में असंतुलित होकर गिर पड़ा। इस हादसे में आसिफ के पैर में गंभीर फ्रैक्चर हो गया है, जिसका इलाज चल रहा है।मवेशियों पर भी हमला, ग्रामीणों में भारी आक्रोश यह कोई पहली घटना नहीं है। कुछ दिनों पहले ही इन आदमखोर हो चुके कुत्तों ने गांव के ही मुन्ना अली की बकरी को नोच-नोच कर बेरहमी से मार डाला था। आए दिन हो रहे इन हमलों से पूरे मुस्लावा गांव और मवाई रोड के इलाकों में दहशत का माहौल व्याप्त है।अभिभावक अपने बच्चों को अकेले स्कूल या बाहर भेजने से डर रहे हैं।घटना से आक्रोशित और भयभीत ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और स्थानीय प्रशासन से तत्काल दखल देने की अपील की है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन जल्द से जल्द इन आवारा कुत्तों को पकड़वाने के लिए अभियान चलाए, ताकि गांव में सुरक्षा का माहौल बहाल हो सके और किसी बड़ी अनहोनी को टाला जा सके।
