विवाहिता की संदिग्ध मौत, आरोपी पति समेत 4 पर मुकदमा
(फोन पर लगाई गुहार, ससुराल पहुंचे तो फंदे से लटका मिला शव)
मोहनलालगंज, लखनऊ। कोतवाली मोहनलालगंज क्षेत्र के खुजौली गांव में दहेज उत्पीड़न से परेशान विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने पति सहित ससुराल के चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
मृतका गुड़िया की मां दुर्गा निवासी गनेशखेड़ा ने पुलिस को बताया कि 9 जुलाई की सुबह बेटी ने फोन कर रोते हुए “बचा लो” कहा था। इसके तुरंत बाद कॉल कट गई। परिजन जब ससुराल पहुंचे तो गुड़िया का शव फंदे से लटका हुआ मिला। परिजनों का आरोप है कि दहेज न देने पर हत्या कर शव को फांसी पर लटकाया गया।
घटना से आक्रोशित मायके पक्ष ने शव रखकर सड़क पर हंगामा किया। एसीपी आर.के. सिंह और इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह के आश्वासन के बाद परिजन माने। शुक्रवार को तहरीर के आधार पर पति अनिल, जेठ सुनील, सास विमला और ननद कोमल के खिलाफ केस दर्ज किया गया।
पोस्टमार्टम के बाद देर शाम शव परिजनों को सौंपा गया। खुजौली गांव में अंतिम संस्कार किया गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों को लगाया गया है।
