
बिहार चुनाव 2025 में निर्वाचन आयोग ने मुंगेर जिले में उस बूथ पर सफलता पूर्वक चुनाव संपन्न कराया है, जहां 20 साल से वीरानगी छाई थी. मुंगेर जिले का तारापुर विधानसभा सीट पर भीम बांध बूथ पर सफलता पूर्व वोटिंग कराई गई. इस बूथ पर साल 2005 के बाद वोटिंग नहीं कराई गई थी. इस बूथ पर 20 साल से वीरानगी पसरी थी.
भीम बांध में वोटिंग कराने में एसपी समेत 7 पुलिस वालों की हुई थी मौत
साल 2005 के विधानसभा चुनाव के दौरान भीमबांध इलाके में चुनाव आयोग ने पोलिंग बूथ बनाए थे. उस दौरान नक्सलियों ने यहां तांडव मचा दिया था. बारूदी सुरंग के जरिए पुलिस टीम को निशाना बनाया था. इस नक्सली हमले में तत्कालीन एसपी केसी सुरेंद्र बाबू समेत सात पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे. इस घटना के बाद से चुनाव आयोग ने भीम बांध में पोलिंग बूथ बनाना छोड़ दिया था.
सुरक्षा दृष्टिकोण के चलते भीम बांध का पोलिंग बूथ यहां से उठाकर 20 किलोमीटर दूर ट्रांसफर कर दिया गया था. 2009, 2010, 2014, 2015, 2019, 2020 और 2024 के विधानसभा और लोकसभा चुनावों में यहां पोलिंग बूथ नहीं बनाए गए थे. अब 20 साल बाद भारी सुरक्षा बंदोबस्त के बीच तारापुर विधानसभा क्षेत्र के भीम बांध इलाके में पोलिंग बूथ बनाया गया.
